मुंबई। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने ट्विटर के जरिए जानकारी दी है कि वो कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। अफरीदी अपने एनजीओ एसए फाउंडेशन के जरिए कोविड-19 महामारी के दौरान पाकिस्तान में जरूरतमंद लोगों की मदद कर रहे थे। अफरीदी ने लोगों से गुजारिश की है कि उनके जल्द ठीक होने की दुआ करें।
अफरीदी ने ट्विटर पर लिखा, ‘मैं गुरुवार से बीमार महसूस कर रहा था, मेरे शरीर में बहुत ज्यादा दर्द हो रहा था। मैंने अपना टेस्ट कराया और दुर्भाग्य से मैं कोविड पॉजिटिव हूं। जल्द स्वस्थ होने के लिए आप लोगों की दुआओं की जरूरत है। इंशाअल्लाह!’ अफरीदी को लेकर पिछले कुछ समय में भारत में काफी विवाद हुआ है। पिछले महीने अफरीदी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोरोना से खराब बीमारी कहा था।
इस वीडियो के लिए अफरीदी की काफी आलोचना हुई थी। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, युवराज सिंह, गौतम गंभीर ने उनको खरी-खोटी सुनाई थी। भज्जी और युवी ने कुछ समय पहले अफरीदी के एनजीओ के सपोर्ट में ट्वीट किया था, लेकिन अफरीदी के वायरल वीडियो के बाद इन दोनों ने भी साफ कर दिया कि अफरीदी से अब कोई दोस्ती नहीं है।