संयुक्त राष्ट्र बाल कोष सहयोग संगठन – जनरेशन अनलिमिटेड भारत के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सहयोग से आज दुबई में कोप-28 जलवायु सम्मेलन में ग्रीन राइजिंग पहल की शुरूआत करेगा।
ग्रीन राइजिंग पहल और ग्रीन राइजिंग इंडिया अलायंस का आयोजन यूनिसेफ, जनरेशन अनलिमिटेड और सार्वजनिक, निजी क्षेत्र तथा युवा सहयोगियों की मदद से किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य दुनियाभर में युवाओं को विभिन्न हरित पहलों में भागीदारी तथा अपने आप को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के अनुकूल ढालने के लिए प्रोत्साहित करना है।
युवा अभियान के माध्यम से भारत में मिशन लाइफ मूवमेंट से प्रेरणा लेकर जमीनी स्तर पर प्रभावशाली पर्यावरणीय कार्यों में युवाओं को शामिल करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
कोप-28 के पहले सात दिनों में 83 अरब डॉलर से अधिक राशि एकत्र की गई। सम्मेलन में खाद्य प्रणालियों, स्वास्थ्य, नवीकरणीय ऊर्जा और दक्षता पर ऐतिहासिक घोषणाएं की गई हैं, जिसमें भारी उत्सर्जन वाले उद्योगों के डी-कार्बोनाइजेशन के लक्ष्य की पहल भी शामिल है।
इसके अलावा हरित जलवायु कोष के लिए 3 दशमलव 5 अरब डॉलर की राशि की घोषणा की गई है। विश्व बैंक ने 2024 और 2025 के लिए 9 अरब डॉलर की वार्षिक वृद्धि की घोषणा भी की है।