केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने कहा है कि कोझीकोड में निपाह वायरस से जान गंवाने वाले किशोर के सम्पर्क में आने वाले 251 लोगों का पता लगाया गया है जिनमें 129 स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। इनमें से 54 अति जोखिम समूह वाले लोग हैं।
कोझीकोड में कल एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए वीणा जॉर्ज ने कहा कि संक्रमित के सम्पर्क में आने वालों में से ग्यारह में संक्रमण के लक्षण पाए गए हैं लेकिन उनकी हालत स्थिर है।
केन्द्र ने केरल सरकार को सुझाव दिया है कि निपाह वायरस के मद्देनज़र अस्पताल आधारित और समुदाय आधारित, दोनों ही निगरानी मजबूत बनाए जाने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने केरल के मुख्य सचिव को सम्बोधित पत्र में कोझीकोड में फैली बीमारी पर नियंत्रण के उपायों की सिफारिश की है। यह सिफारिश जिले का दौरा करने वाले केन्द्रीय दल की रिपोर्ट पर आधारित है।