महाराष्ट्र विधानमंडल का दो दिन का मॉनसून सत्र आज से शुरू हो रहा है। सत्र के लिए विधान भवन पहुंचने वाले सभी लोगों के लिए आरटी-पीसीआर टेस्ट कराना अऩिवार्य कर दिया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि विपक्ष इस सत्र का विरोध कर रहा है।
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कल शाम एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधानसभा सत्र की अवधि को बार-बार कम करने के लिए महा विकास अघाड़ी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पिछले सात सत्रों में सदन का कामकाज केवल 36 दिनों के लिए हुआ, जबकि COVID महामारी के दौरान सदन का कामकाज और भी काम याने 14 दिनों के लिए हुआ। फडणवीस ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने विधायकों को मानसून सत्र में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से मुद्दे उठाने जैसे विधायी साधनों का उपयोग करने से रोक दिया है। फडणवीस ने कहा कि सरकार ने विपक्षी दलों से पूरक मांगों के जरिए मुद्दे उठाने को कहा है। हालांकि, ऐसा करते हुए सरकार ने कहा कि ओबीसी आरक्षण, मराठा आरक्षण, किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों को पूरक मांगों के माध्यम से नहीं पूछा जा सकता है।