गुजरात में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए अधिसूचना आज जारी की जाएगी। प्रथम चरण में पहली दिसम्बर को नवासी सीटों पर मतदान होगा। राज्य में विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराये जा रहे हैं। दूसरे चरण में 93 सीटों के लिए पांच दिसम्बर को वोट डाले जाएंगे। मतगणना आठ दिसम्बर को होगी।
गुजरात की मुख्य चुनाव अधिकारी पी. भारती ने गांधी नगर में संवाददाताओं को बताया कि इन चुनावों में मतदाताओं की संख्या में सात लाख की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष मतदान के लिए 26 हजार केन्द्रों की वेबकास्टिंग कराई जाएगी। पी. भारती ने बताया कि राज्य में आचार संहिता लागू है और कोई भी नागरिक किसी भी तरह की गडबडी की शिकायत सी-विजिल ऐप पर कर सकता है। उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्रों पर लोगों की सुविधा के लिए अनेक नई शुरूआत की गई हैं।
पोलिंग स्टेशन पर अलग-अलग प्रकार का इनिशियेटिव लिया है। वन इज़ वुमेन मैनेज्ड पोलिंग स्टेशन, सेकेंड पी.डब्ल्यू.डी. मैनेज्ड पोलिंग स्टेशन। इसमें पी.डब्ल्यू.डी. दिव्यांग पोलिंग स्टाफ रहेंगे। यंग मैनेज्ड पोलिंग स्टेशन इसमें यूथ रहेंगे। एक-एक डिस्ट्रिक्ट में एक-एक पोलिंग स्टेशन हमनें सेलेक्ट किया है।
राज्य में सभी राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तेज़ कर दी है।
भाजपा आज राज्य संसदीय बोर्ड की बैठक के अंतिम दिन शेष 77 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करेगी। जिसके बाद अंतिम सूचियां बीजेपी संसदीय बोर्ड की मंजूरी के लिए रखी जाएंगी। कांग्रेस पार्टी ने कल देर रात 43 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी ने अहमदाबाद के घाटलोदिया निर्वाचन क्षेत्र के लिए राज्यसभा के मौजूदा सांसद अमी याज्ञनिक को अपना उम्मीदवार बनाया है, वर्तमान में सीएम भूपेंद्र पटेल घाटलोडिया के विधायक है। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने कल इसुदान गढ़वी को पार्टी का सीएम उम्मीदवार घोषित किया है। इस घोषणा के बाद, आप के वरिष्ठ नेता इंद्रनील राज्यगुरु ने पार्टी छोड़ दी है और वे कांग्रेस पार्टी में फिर से शामिल हुए हैं।
