स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि कोविड-19 टीका लगवाने के लिए पूर्व ऑनलाइन पंजीकरण और समय लेना अनिवार्य नहीं है। मंत्रालय ने कहा है कि 18 वर्ष या इससे अधिक आयुवर्ग का कोई भी व्यक्ति अपने निकटतम टीकाकरण केंद्र में सीधे जाकर पंजीकरण कराने के बाद टीका लगवा सकता है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि को-विन ऐप पर पंजीकृत 28 करोड़ 36 लाख लाभार्थियों में से 16 करोड़ 46 लाख लाभार्थियों को ऑनसाइट मोड के माध्यम से पंजीकृत किया गया है। मंत्रालय ने कहा है कि ऑनसाइट और सीधे पंजीकरण के जरिए करीब 19 करोड़ 84 लाख खुराक दी जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में और शहरी झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लाभार्थियों को निकटतम टीका केंद्र में टीके लगवाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। हेल्पलाइन नम्बर 1075 के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा शुरू कर दी गई है।