राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण – NIA ने इस्राइली दूतावास विस्फोट मामले में दो संदिग्धों के बारे में सूचना देने के लिए 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। एनआईए ने एक वीडियो जारी किया है। सीसीटीवी फुटेज के इस वीडियो में दोनों संदिग्धों को बम लगाते देखा जा सकता है।
नई दिल्ली में 29 जनवरी की शाम को एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर इस्राइली दूतावास के पास बहुत कम तीव्रता का एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) विस्फोट हुआ था। इस विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे।
इससे पहले मामले की जांच दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ कर रहा था। विशेष प्रकोष्ठ ने दूतावास के आसपास और संबंधित मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला था। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। फिलहाल मामले की जांच एनआईए कर रही है।