राष्ट्रपति और भारतीय सेना के सर्वोच्च कमांडर राम नाथ कोविंद ने आज गोवा में आई.एन.एस हंस पर भारतीय नौसेना की उड्डयन इकाई को राष्ट्रपति ध्वज प्रदान किया। राष्ट्रपति का ध्वज, राष्ट्र के प्रति युद्ध और शांति के समय असाधारण सेवा करने वाली किसी सैन्य इकाई को सम्मानित करने के लिए दिया जाने वाला यह सर्वोच्च सम्मान है। नौसेना की उड्डयन इकाई पिछले सात दशक से बहादुरी से राष्ट्र की सेवा में कार्यरत है।
इस अवसर पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा कि नौसेना के हवाई जहाज, देश में आपात राहत कार्य के दौरान मानवीय सहायता उपलब्ध कराने में अग्रणी भूमिका निभाते हैं इसके अलावा नौसेना के जहाज न केवल देशवासियों बल्कि कई मित्र देशों के नागरिकों को भी सहायता प्रदान करते हैं। राष्ट्रपति ने भारतीय नौसेना के सरकार के आत्मनिर्भर भारत दृष्णिकोण को पूरा करने में महत्वपूर्ण प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर गोवा के राज्यपाल पी.एस. श्रीधरन पिल्लई, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत पर्यटन, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्यमंत्री श्रीपद यसो नायक तथा कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।