प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा कल से शुरू हो रही है। यह इस वर्ष प्रधानमंत्री की पहली विदेश यात्रा होगी।
यात्रा के पहले चरण में, प्रधानमंत्री बर्लिन में जर्मन चांसलर ओलफ शोल्ज के साथ वार्ता करेंगे। दोनों नेता छठे भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श बैठक की सह-अध्यक्षता भी करेंगे।
यूरोप यात्रा के दूसरे चरण में श्री मोदी डेनमार्क के प्रधानमंत्री मेट फ्रेडरिकसन के निमंत्रण पर कोपनहेगन जाएंगे, जहां वे दूसरे भारत-नॉर्डिक सम्मेलन में भागीदारी करेंगे। वे, प्रधानमंत्री फ्रेडरिकसन के अलावा, क्वीन मार्ग्रेट द्वितीय के साथ भी वार्ता करेंगे।
दूसरे भारत-नॉर्डिक सम्मेलन के दौरान आइसलैंड, नार्वे, स्वीडन और फिनलैंड के प्रधानमंत्रियों के साथ संवाद करेंगे।
यात्रा के अंतिम चरण में, प्रधानमंत्री कुछ समय के लिए पेरिस में रुककर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से मुलाकात करेंगे। मुलाकात में दोनों देश अपनी सामरिक भागीदारी को और अधिक मजबूत कर सकते हैं।
