उत्तर कोरिया ने आज दक्षिण कोरिया के दो द्वीपों के निकट दो सौ से अधिक गोले दागे। इस कारण दक्षिण कोरिया को अपने निवासियों को घटनास्थल को खाली करने का आदेश जारी करना पड़ा। दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि बेंगनीयोंग द्वीप के उत्तरी हिस्सों के जांगसन-गोट के क्षेत्रों और येओनप्योंग द्वीप के क्षेत्रों में उत्तर कोरिया की सेना ने दो सौ से अधिक गोले दागे।
यह गोलाबारी प्योंगयांग में किम जोंग उन की व्यवस्था की चेतावनी है कि यह दक्षिण कोरिया और इसके अमरीकी सहयोगी के विरुद्ध युद्ध के लिए तैयार है। येओनप्योंग के स्थानीय अधिकारियों ने सुरक्षात्मक उपाय के रूप में आदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों को घटनास्थल से निकलजाने के निर्देश दिये गए हैं।
दक्षिण कोरिया का येओनप्योंग द्वीप पीले सागर में स्थित है। यह द्वीप उत्तर कोरिया के ह्वांगहाई प्रांत के तट के 12 किलोमीटर दक्षिण और इंचियोन के लगभग 80 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।