नेपाल ने भारत के साथ बिजली निर्यात का दीर्घकालिक समझौता किया है। इसके तहत नेपाल अगले दस वर्ष में भारत को दस हजार मेगावाट बिजली बेचेगा।
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर और नेपाल के विदेशमंत्री एन पी सऊद ने कल तीन सीमापार ट्रांसमिशन लाइनों का उद्घाटन किया। डॉक्टर जयशंकर नेपाल की दो दिन की यात्रा पर हैं। भारत के ऊर्जा सचिव पंकज अग्रवाल और नेपाल के ऊर्जा सचिव गोपाल सिग्डल ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किये।
नेपाल भारत संयुक्त आयोग की सातवीं बैठक के दौरान यह समझौता हुआ। नेपाल विद्युत प्राधिकरण और भारतीय राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम लिमिटेड के बीच नवीकरणीय ऊर्जा में सहयोग का समझौता भी हुआ।श्री जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि समग्र द्विपक्षीय संबंध, व्यापार और आर्थिक संबंध, भूमि, रेल और वायु सम्पर्क परियोजना, रक्षा और सुरक्षा में सहयोग, कृषि, ऊर्जा, बिजली, जल संसाधन, आपदा प्रबंधन, पर्यटन, नागरिक उड्डयन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और विकास साझेदारी पर चर्चा हुई।
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड ने इस समझौते को नेपाल के बिजली क्षेत्र में बेहद क्रांतिकारी बताया है।