पटियाला में राष्ट्रीय अंतर्राज्यीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में तजिंदरपाल सिंह तूर ने गोला फेंक स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। करनवीर सिंह ने 19 दशमलव तीन-तीन मीटर की दूरी तय कर रजत पदक और राजस्थान के वनम शर्मा ने 18 दशमलव तीन-तीन मीटर तक गोला फेंककर कांस्य पदक जीता।
महिलाओं की भाला फेंक प्रतियोगिता में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाली अन्नू रानी का सर्वोत्तम प्रदर्शन 62 दशमलव आठ-तीन मीटर का रहा और उन्होंने स्वर्ण पदक जीता।
पुरुषों की लम्बी कूद में केरल के मोहम्मद अनीस याहिया ने स्वर्ण पदक हासिल किया। चार सौ मीटर दौड़ की पुरुष और महिला वर्ग की स्पर्धा श्रीलंका के कलिंगा कुमारगे और कर्नाटक की प्रिया हब्बनथाहल्ली ने जीती।
प्रतियोगिता के आज अंतिम दिन सीमा पुनिया डिसकस थ्रो में 63 दशमलव पांच-शून्य मीटर का ओलिम्पिक क्वालिफाइंग लक्ष्य हासिल करने का प्रयास करेंगी।
