भारत ने ओडिशा तट से रविवार को परमाणु आयुध ले जाने में सक्षम लंबी दूरी की मारक क्षमता वाली बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-4 का सफल परीक्षण किया। यह मिसाइल 4,000 किलोमीटर की दूरी तक का लक्ष्य भेदने में सक्षम है।
परमाणु क्षमता से लैस लम्बी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-4 का ओडि़सा तट से सफल परीक्षण किया गया। यह परीक्षण 23 दिसंबर को सुबह आठ बजकर 35 मिनट पर ए पी जे अब्दुल कलाम द्वीप से किया गया। अग्नि- 4 स्वदेश में निर्मित दो चरणों वाला प्रक्षेपास्त्र है, जिसकी मारक क्षमता 4 हजार किलोमीटर है।
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने कहा है कि इस मिसाइल में अपने लक्ष्य पर पहुंचने के क्रम में होने वाली गड़बडियों को स्वयं ही ठीक कर लेने की क्षमता है।
अग्नि-4 मिसाइल का यह सातवां परीक्षण था। इससे पहले भारतीय सेना की सामरिक बल कमान द्वारा इसी स्थान से 2 जनवरी 2018 को इसका सफल परीक्षण किया गया था। 10 दिसंबर 2018 को परमाणु क्षमता वाली बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का सफल परीक्षण किया गया था, जिसकी मारक क्षमता 5,000 KM है। इसकी पहुंच चीन के सुदूर क्षेत्रों तक है।