देश में अब तक कोविड से बचाव के 35 करोड से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं। पहली और दूसरी डोज को मिलाकर कल शाम तक कुल 35 करोड पांच लाख 42 हजार चार टीके लगाए गये। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि पिछले महीने की 21 तारीख से शुरू हुए कोविड-19 टीकाकरण के नये चरण के दौरान कल तक 57 लाख 36 हजार से अधिक वैक्सीन लगाई गई।
मंत्रालय ने कहा है कि 18 से 44 वर्ष के आयु समूह में कल एक ही दिन में वैक्सीन की 28 लाख 33 हजार पहली डोज और तीन लाख 29 हजार दूसरी डोज दी गई। आठ राज्यों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र में इस चरण के दौरान 18 से 44 वर्ष आयु समूह में वैक्सीन की 50 लाख से अधिक पहली डोज दी गई। इस दौरान आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, ओडिसा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में 18 से 44 वर्ष के आयु समूह में 10 लाख व्यक्तियों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई।