वैश्विक शेयर बाजारों में गिरावट के अनुरूप सेंसेक्स और निफ्टी भी घाटे के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 52 हजार 500 के नीचे और निफ्टी 15 हजार 700 के नीचे आ गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स .35 प्रतिशत यानी 183 अंक घटकर 52 हजार 386 छियासी पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेज का निफ्टी शून्य दशमलव दो चार प्रतिशत यानी 38 अंक कम होकर 15 हजार 690 दर्ज हुआ।
विस्तारित बाजार की बात करें तो छोटी और मझौली कंपनियों के शेयरों की लिवाली की गई। बीएसई मिडकैप इंडेक्स में दशमलव छह एक प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स में दशमलव तीन नौ प्रतिशत की वृद्धि हुई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में आज दोपहर कारोबार में अगस्त महीने में आपूर्ति किए जाने वाले सोने का मूल्य 60 रूपये बढकर 47 हजार 780 रूपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। जुलाई महीने में आपूर्ति की जाने वाली चांदी एक सौ रूपये कम होकर 68 हजार 680 रूपये प्रति किलो पर आ गई। उधर, न्यूयॉर्क मर्केंटाइल एक्सचेंज में सोने का मूल्य मजबूत होकर एक हजार 802 डॉलर 70 सेंट प्रति औंस हो गया। चांदी भी मजबूत होकर 26 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई।