वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जी-20 देशों की उच्‍चस्‍तरीय कर संगोष्‍ठी में हिस्‍सा लिया

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज कर-नीति और पर्यावरण बदलाव से संबंधित जी-20 देशों की उच्‍चस्‍तरीय कर संगोष्‍ठी में वर्चुअल माध्‍यम से हिस्‍सा लिया। जी-20 देशों के वित्‍तमंत्री और केन्‍द्रीय बैंक गवर्नर की तीसरी बैठक से पहले इस संगोष्‍ठी का आयोजन किया गया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संगोष्‍ठी को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में राजकोषीय नीति विकल्‍पों का उपयोग बेहतर जलवायु परिवर्तन और कर में छूट से संबंधित प्रावधानों के लिए किया गया है ताकि अक्षय संसाधनों के प्रयोग को बढ़ावा मिल सके।

उन्‍होंने इस अवसर पर भारत में प्रयोग में लाये जा रहे नवाचार नीतियों का उल्‍लेख किया जिसके तहत पर्यावरण की बेहतरी से संबंधित उपाय किये जा रहे हैं। वित्‍तमंत्री ने भारत के नये ऊर्जा मानचित्र, डिजिटल नवाचार, स्‍वच्‍छ ऊर्जा के लिए सौर गठबंधन और ऊर्जा के नए स्रोत की भी चर्चा की। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जलवायु परिवर्तन से उत्‍पन्‍न स्थितियों का सामना करने के लिए तकनीक का प्रयोग और अंतर्राष्‍ट्रीय सहयोग बढाने का आहवान किया ताकि ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत की आपूर्ति बढ़े और तकनीक का आदान-प्रदान आपसी हित में हो सके।

Related posts

Leave a Comment