लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi के बयान को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। बीजेपी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। दरअसल, राहुल गांधी ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi और गृह मंत्री Amit Shah को लेकर विवादित टिप्पणी की, जिसके बाद भाजपा नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
बुधवार को रायबरेली में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब आरएसएस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह की बात करें, तो उन्हें जवाब देना चाहिए कि “आपके प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और भाजपा देश को बेचने का काम कर रहे हैं। उन्होंने संविधान, बाबा साहेब आंबेडकर और महात्मा गांधी के विचारों पर हमला किया है।” राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने बेरोजगारी, महंगाई और NEET परीक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि देश का युवा परेशान है, NEET परीक्षा रद्द हो चुकी है, पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जबकि देश के प्रधानमंत्री विदेशी दौरों में व्यस्त हैं।
राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Nabin ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह देश की जनता का भी अपमान है। उन्होंने राहुल गांधी पर राजनीति का माहौल खराब करने का आरोप लगाया।
भाजपा नेता Shehzad Poonawalla ने कहा कि कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की टिप्पणी उनकी मानसिकता को दर्शाती है।
वहीं भाजपा सांसद Bharat Singh Kushwah ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित और सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बातों को जनता गंभीरता से नहीं लेती।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख Chirag Paswan ने भी राहुल गांधी के बयान की निंदा करते हुए कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के लिए मर्यादित भाषा का इस्तेमाल होना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री Giriraj Singh ने कहा कि सत्ता नहीं मिलने की निराशा राहुल गांधी के बयानों में दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करना देश का अपमान करने जैसा है।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री Piyush Goyal ने राहुल गांधी पर भारत की उपलब्धियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया में एक भरोसेमंद और मजबूत देश के रूप में उभरा है, लेकिन कांग्रेस को देश की हर सफलता में कमी नजर आती है।
