सरकार ने राष्‍ट्रीय एनीमेशन, विजुअल इफैक्‍ट्स, गेमिंग और उत्‍कृष्‍टता केन्‍द्र स्‍थापित करने का फैसला किया

केन्‍द्र सरकार ने भारतीय और वैश्‍विक उद्योग की मांग पूरी करने के उद्देश्‍य से देश में विश्‍व स्‍तरीय प्रतिभा पूल बनाने के लिए राष्‍ट्रीय एनीमेशन, विजुअल इफैक्‍ट्स, गेमिंग और उत्‍कृष्‍टता केन्‍द्र स्‍थापित करने का फैसला किया है।

इसे बम्‍बई के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्‍थान के सहयोग से स्‍थापित किया जाएगा। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने राज्‍यसभा में प्रश्‍न के लिखित उत्‍तर में यह जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि एनीमेशन और वी एफ एक्‍स क्षेत्र में कुशल श्रम शक्ति तैयार करने के लिए सत्‍यजीत रे फिल्‍म और टेलीविजन संस्‍थान तथा भारतीय फिल्‍म और टेलीविजन संस्‍थान एनीमेशन और वी एफ एक्‍स में पाठ्यक्रम संचालित करते हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र देश में सबसे बड़े और बढ़ते हुए क्षेत्रों में शामिल हैं। उन्‍होंने कहा कि फिल्‍म उद्योग में विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए गोवा में प्रत्‍येक वर्ष भारतीय अंतरराष्‍ट्रीय फिल्‍मोत्‍सव में राष्‍ट्रीय फिल्‍म विकास निगम, फिल्‍म बाजार का आयोजन करता है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह दक्षिण एशिया में सबसे बड़ा फिल्‍म बाजार है। यह दक्षिण एशियाई और अंतरराष्‍ट्रीय फिल्‍म समुदायों के बीच रचनात्‍मक और वित्‍तीय सहयोग को प्रोत्‍साहन देने के लिए दुनिया भर से निवेशकों को आकर्षित करता है। उन्‍होंने बताया कि संयुक्‍त रूप से ऑडियो विजुअल के निर्माण के लिए भारत की 15 देशों के साथ संधि हैं।

Related posts

Leave a Comment