उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों के दौरान आसमान से बिजली गिरने से बच्चों और महिलाओं सहित 41 लोगों की मौत हो गई। सबसे अधिक 14 लोगों के प्रयागराज जिले में मरने की पुष्टि हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजन को अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
राज्य के राहत आयुक्त रणवीर प्रसाद ने बताया है कि 16 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 41 लोगों की मौत हो गई और 30 घायल हुए हैं। मृतकों के परिजन को 4 लाख रूपये अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों का इलाज कराया जाएगा। प्रयागराज में 14, कानपुर और फतेहपुर में पांच-पांच मौत हुई हैं। कौशाम्बी में चार, फिरोजाबाद, उन्नाव और रायबरेली में दो-दो मौत की पुष्टि हुई हैं। हरदोई और झांसी में भी एक-एक व्यक्ति के मरने की सूचना है। राहत आयुक्त ने कहा कि इस घटना में लगभग 250 जानवरों के मरने और 20 के घायल होने की खबर है।