प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से बगैर हिचकिचाहट के कोविड रोधी टीका लगवाने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोविड वैक्सीन के प्रति हिचकिचाहट समाप्त करने के लिए कई स्थानों पर अनेक संगठन अच्छा काम कर रहे हैं। आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने एक ही दिन में 86 लाख से अधिक लोगों को कोविड टीके लगाकर महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है।
21 जून को वैक्सीन अभियान के अगले चरण की शुरुआत हुई और उसी दिन देश ने 86 लाख से ज्यादा लोगों को मुफ़्त वैक्सीन लगाने का रिकार्ड भी बना दिया और वो भी एक दिन में ! इतनी बड़ी संख्या में भारत सरकार की तरफ से मुफ़्त वैक्सीनेशन और वो भी एक दिन में! स्वाभाविक है, इसकी चर्चा भी खूब हुई है। साथियो, एक साल पहले सबके सामने सवाल था कि वैक्सीन कब आएगी? आज हम एक दिन में लाखों लोगों को‘ मेड इन इंडिया वैक्सीन मुफ़्त में लगा रहे हैं और यही तो नए भारत की ताक़त है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के प्रत्येक व्यक्ति ने कोविड महामारी से लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कोरोना के खिलाफ़ भारत की लड़ाई की एक बड़ी विशेषता है। इस लड़ाई में देश के हर व्यक्ति ने अपनी भूमिका निभाई है। मैंने “मन की बात” में अक्सर इसका ज़िक्र किया है। लेकिन कुछ लोगों को शिकायत भी रहती है कि उनके बारे में उतनी बात नहीं हो पाती है। अनेक लोग चाहे बैंक स्टाफ हो, टीचर्स हों, छोटे व्यापारी या दुकानदार हों, दुकानों में काम करने वाले लोग हों, रेहड़ी-पटरी वाले भाई-बहन हों, सिक्योरिटी, वाचमैन या फिर पोस्टमैन और पोस्ट आफिस के कर्मचारी- दरअसल यह लिस्ट बहुत ही लंबी है और हर किसी ने अपनी भूमिका निभाई है। शासन प्रशासन में भी कितने ही लोग अलग-अलग स्तर पर जुटे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैक्सीन तैयार करने में हमारे वैज्ञानिकों ने रात-दिन कड़ी मेहनत की है। इसलिए हमें विज्ञान पर भरोसा करना चाहिये, वैज्ञानिकों पर भरोसा करना चाहिये। उन्होंने कहा कि झूठ फैलाने वाले लोगों को बार-बार समझाना चाहिये कि वैक्सीन के नुकसान नहीं हैं।
मेरा सभी भाई-बहनों को यही कहना है कि डर है तो निकाल दीजिए। हमारे पूरे देश में 31 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने वैक्सीन का टीका लगवा लिया है। मैंने खुद ने भी दोनों डोज लगवा लिये हैं। मेरी मां तो करीब-करीब सौ साल की हैं। उन्होंने ने भी दोनों डोज लगवा लिये हैं। कभी-कभी किसी को इससे बुखार वगैरह आता है, पर वो बहुत मामूली होता है। देखिए वैक्सीन नहीं लेना बहुत खतरनाक हो सकता है।