कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने राज्य के 16 जिलों में लॉकडाउन की पाबंदियों में और ढील देने की घोषणा की है। यह ढील उन जिलों में मिलेगी जहां संक्रमण दर पांच प्रतिशत से कम है। अन्य 14 जिलों में लॉकडाउन पाबंदियां पहले की भांति जारी रहेंगी। इन जिलों में संक्रमण दर पांच प्रतिशत से अधिक है।
छूट प्राप्त 16 जिलों में सार्वजनिक बसें और मेट्रो रेल 50 प्रतिशत क्षमता के साथ चलेंगी। दुकानें शाम पांच बजे तक खुलेंगी और होटल 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुल सकेंगे। हालांकि, तरणताल, सिनेमा हॉल, पूजा स्थल और शॉपिंग मॉल बंद रहेंगे। यह छूट पांच जुलाई से लागू होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों में रात्रि और सप्ताहांत कर्फ्यु जारी रहेगा।
