तेलंगाना सरकार ने राज्य में कोविड-19 प्रतिबंधों को पूरी तरह से हटाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में प्रतिबंधों को पूरी तरह से हटाने और 1 जुलाई से शैक्षणिक संस्थानों को ऑफलाइन कक्षाओं के लिए खोलने का फैसला किया गया।
एक सरकारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह फैसला राज्य में कोविड -19 के नये मामलों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट आने तथा संक्रमण की दर में कमी आने के मद्देनजर लिया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि तेलंगाना अन्य राज्यों की तुलना में कोराना संक्रमण फैलने को तेजी से रोकने में सक्षम है। राज्य मंत्रिमंडल ने सभी विभागों के अधिकारियों को लॉकडाउन के दौरान लगे सभी प्रतिबंधों को हटाने का भी निर्देश दिया है।