मणिपुर में संयुक्त सुरक्षा बलों ने आज इम्फाल पश्चिम जिले के लीमाखोंग क्षेत्र में विद्रोहियों के बंकरों को नष्ट कर दिया है। इस बीच, सुरक्षा बल राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रहे हैं। हथियार और गोला-बारूद बरामद करने और हिंसा की घटनाओं में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया गया। घाटी के चार जिलों में कर्फ्यू में आज सुबह पांच बजे से बारह घंटे की ढील दी गई।
गृहमंत्री अमित शाह ने मणिपुर की स्थिति पर चर्चा करने के लिए शनिवार को नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई
गृहमंत्री अमित शाह ने मणिपुर की स्थिति पर चर्चा करने के लिए शनिवार को नई दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस पूर्वोत्तर राज्य में पिछले डेढ़ महीने से हिंसा जारी है। अमित शाह ने पिछले महीने मणिपुर का दौरा किया था। उन्होंने राज्य में शांति बहाली के लिए सभी वर्ग के लोगों से मुलाकात की थी।
अब तक राज्य की हिंसा में सौ से अधिक लोगों की मृत्यु हो चुकी है और तीन हजार से अधिक लोग घायल हुए हैं। मैतेई समुदाय को जनजाति का दर्जा देने की मांग के विरुद्ध तीन मई को राज्य में ट्राइबल सोलिडारिटी मार्च निकलने के बाद हिंसा भड़क उठी थी।