केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा है कि केन्द्रीय दल ने यह पाया है कि उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में वायरल बुखार के अधिकांश मामलों और मौत का कारण डेंगू है। उन्होंने कहा कि कुछ मामले स्क्रब टाइफस और लेपटोस्पिरोसिस के कारण हुए। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को भेजे पत्र में राजेश भूषण ने कहा कि केन्द्र ने सुझाव दिया है कि बुखार के सभी मरीजों की डेंगू, मलेरिया, स्क्रब टाइफस और लेपटोस्पिरोसिस के लिए जांच कराई जाए।
पत्र में एलिसा आधारित जांच सुविधाओं को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। बुखार के सर्वे, वेक्टर नियंत्रण और बुखार शिविरों से सम्बंधित गतिविधियां, केन्द्रीय दल द्वारा प्रस्तुत सूक्ष्म योजना के अनुरूप जारी रहेंगी। सम्बंधित जिले में समेकित रोग निगरानी कार्यक्रम और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केन्द्र के साथ मिलकर समन्वय से समेकित स्वास्थ्य सूचना प्लेटफार्म के कार्यान्वयन से निगरानी को मजबूत किया जाना है।
केन्द्र ने राज्यों से फिरोजाबाद और निकटवर्ती जिलों के जिला अस्पतालों में आइसोलेशन बिस्तर और अस्पाल में भर्ती करने की सुविधा को बढ़ाने को कहा है।
राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केन्द्र ने अगले 14 दिन की अवधि के लिए जिले में एपिडेमिक इंटेलिजेंस सेवा के दो अधिकारियों को तैनात किया है। ये अधिकारी जिला प्रशासन को बुखार के प्रबंधन से सम्बंधित कार्रवाई को मजबूत बनाने में मदद देंगे।
