संसद का बजट सत्र आज से शुरू। संसद के केंद्रीय कक्ष में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में 11 बजे राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का अभिभाषण होगा। आज ही वर्ष 2021-22 का आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन कल वित्त वर्ष 2022-23 का बजट लोकसभा में पेश करेंगी। इसके तुरंत बाद बजट की प्रति राज्य सभा के पटल पर रखी जाएगी। इस बार का बजट कागज रहित होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बजट सत्र के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
बजट सत्र के दौरान कोविड सुरक्षा प्रोटोकॉल को सुनिश्चित करने की दृष्टि से दोनों सदनों की बैठक अलग-अलग पारी में होगी। जो बुधवार से प्रभावी होगी। राज्यसभा की कार्रवाई सुबह 10 से 3 बजे तक चलेगी। वहीं लोकसभा की बैठक शाम के चार बजे से रात के नौ बजे तक होगी। बजट सत्र का पहला भाग 11 फरवरी तक चलेगा, जिसमें कुल 10 बैठकें होंगी। बजट सत्र के प्रथम भाग के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के अलावा आम बजट पर भी चर्चा होगी। इस बार राज्य सभा में शून्य काल को एक घंटा से घटाकर आधा घंटा कर दिया गया है। वहीं एक महीने के अवकाश के बाद बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू होगा। जो 14 मार्च से 08 अप्रैल तक चलेगा और इसमें कुल 19 बैठकें होंगी।
सरकार ने बजट सत्र के सुचारू संचालन के लिए आज दोपहर बाद तीन बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस वर्चुअल बैठक में दोनों सदनों में राजनीतिक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है।
राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने भी बजट सत्र के एजेंडे पर चर्चा के लिए आज शाम पांच बजे, सदन में राजनीतिक दलों के नेताओं की वर्चुअल बैठक बुलाई है।