विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने 18वीं लोकसभा के चुनाव को विश्व की अब तक की सबसे बडी चुनाव प्रक्रिया बताया है। कोरिया की राजधानी सियोल में आयोजित लोकतंत्र के लिए तीसरे शिखर सम्मेलन में वर्चुअल बयान में डॉ जयशंकर ने कहा कि भारत में आज 14 लाख निर्वाचित महिलाएं हैं, जो विश्व के किसी भी भाग में जमीनी स्तर पर सबसे अधिक निवार्चित महिला जन-प्रतिनिधि हैं।
डॉक्टर जयशंकर ने कहा कि 18 वर्ष की उम्र शुरू होते ही युवाओं को मताधिकार देकर भारत यह सुनिश्चित करता है कि भविष्य युवाओं का है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों का उपयोग लोकतांत्रिक प्रकिया में पारदर्शिता, दक्षता और शुचिता के लिए देश की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।