यूएस ओपन टेनिस में भारत के रोहन बोपन्ना और उनके ऑस्ट्रेलिया जोडीदार मैथ्यू एबडेन पुरुष युगल वर्ग के दूसरे दौर में पहुंच गए। उन्होंने अलेक्जेंडर वुकिक और क्रिस्टोफर ओकोनेल की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी को 6-4, 6-2 से हराया। डेनमार्क की कैरोलिन वोज्नियाकी महिला सिंगल्स के अगले दौर में पहुंच गई हैं। उन्होंने चेकिया की पेट्रा क्वितोवा को हराया।
इससे पहले, विश्व की पहले नम्बर की खिलाडी और वर्तमान चैंपियन, पोलेंड की इगा स्वियातेक महिला सिंगल्स के तीसरे दौर में पहुंच गई। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की डारिया सैविल को 6-3, 6-4 से हराया। अन्य मुकाबलों में अमरीका की कोको गॉफ और कजाकिस्तान की ऐलेना रिबाकिना भी अगले दौर में पहुंच गई हैं।
पुरुष सिंगल्स में 5वीं वरीयता प्राप्त नॉर्वे के कास्पर रुड प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। वे चीन के झांग झिझेन से हार गए। इससे पहले दूसरी वरीयता प्राप्त और तीन बार के विजेता, सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने स्पेन के बर्नाबे सपाता मिसयेस को हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया।
महिला डबल्स में, वर्तमान विजेता बारबोरा क्रेजिकोवा और कैटेरिना सिनियाकोवा की चेक जोड़ी अगले दौर में पहुंच गई है। उन्होंने माकोतो निनोमिया और सबरीना सांतामारिया की जापानी-अमेरिकी जोड़ी को हराया।