बिहार में सासाराम और बिहारशरीफ में सांप्रदायिक झड़पों के दो दिन बाद भी तनाव बना हुआ है। कल रात रोहतास जिले में सासाराम में, मदीना मस्जिद इलाक़े में बम फेंके जाने की घटना में कम से कम छह लोग घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। रोहतास जिले में आज लगातार तीसरे दिन भी इंटरनेट सेवा स्थगित है।
उधर, बिहारशरीफ में शुक्रवार को रामनवमी जुलूस के दौरान हिंसा में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने 27 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। नालंदा के जिलाधिकार शशांक शुभंकर ने बताया कि इस सिलसिले में आठ प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
गृहमंत्री अमित शाह ने बिहार में हिंसा को लेकर आज राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से बात की और स्थिति पर चिंता व्यक्त की। सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की तीन कंपनियों को बिहार भेजने का निर्णय लिया है।