नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूडान में भारतीय नागरिकों की स्थिति की समीक्षा से संबंधित एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
विदेश मंत्री डॉ.एस जयशंकर ने कल न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासचिव के साथ सूडान की बिगडती स्थिति पर चर्चा की और यह अपील की थी कि युद्धरत गुट ईंद के अवसर पर तीन दिन का संघर्ष विराम करें और नागरिकों को सुरक्षित पहुंचने दें।
सूडान के अर्द्धसैनिक समूह, रेपिड सपोर्ट फोर्सेस ने 72 घंटे के संघर्ष विराम की घोषणा की है। यह घोषणा करीब एक सप्ताह के भीषण संघर्ष के बाद हुई है। इस संघर्ष में तीन सौ पचास लोग मारे गए और हजारों लोग देश छोडकर चले गए थे। यह संघर्षविराम आज सुबह स्थानीय समय के अनुसार छह बजे ईद-उल-फितर के अवकाश पर शुरू हुआ। हालांकि विरोधी सूडान सैन्य बल- एस ए एफ ने संघर्षविराम को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है। पिछले सप्ताह के अंत में जनरल अब्देल फतह अल बुरहान के नेतृत्व में एस ए एफ और जनरल मोहम्मद हमदान दागालो के नेतृत्व में रेपिड सपोर्ट फोर्सेस के बीच हिंसक सत्ता संघर्ष शुरू हो गया था।