प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुर्की में ‘ऑपरेशन दोस्त’ में शामिल हुए एनडीआरएफ और अन्य संगठनों के भारतीय बचाव दलों के साथ बातचीत की। एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री ने कहा, हमारे डॉग स्क्वायड के सदस्यों ने गजब का दम दिखाया। देश को आप पर गर्व है। हमारी संस्कृति ने हमें वसुधैव कुटुम्बकम सिखाया है। हम पूरी दुनिया को एक परिवार मानते हैं। जब परिवार का कोई सदस्य मुसीबत में हो तो उसकी मदद करना भारत का कर्तव्य है।
प्रधानमंत्री ने कहा, हम सभी ने वो तस्वीरें देखी हैं जहां एक मां माथे पर चूम कर आपको आशीर्वाद दे रही थी। 2001 में जब गुजरात में भूकंप आया था, तब मैंने वॉलंटियर के तौर पर काम किया था और मैंने लोगों को बचाने में आने वाली दिक्कतों को देखा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, तिरंगा लेकर हम जहां भी पहुंचते हैं वहां एक आश्वासन मिलता है कि अब भारत की टीमें आ चुकी हैं और अब हालात ठीक होने शुरू हो जाएंगे।