प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से दिल्ली छावनी तक राजस्थान की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह उद्घाटन यात्रा जयपुर से दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन तक थी। उद्धाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इससे दिल्ली और जयपुर के बीच की यात्रा आसान होगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार रेल यात्रा को सुरक्षित बनाने के लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस से राजस्थान पर्यटन उद्योग को महत्वपूर्ण लाभ होगा। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
ट्रेन की नियमित सेवा अजमेर और दिल्ली कैंट के बीच कल से शुरू होगी। यह जयपुर, अलवर और गुरूग्राम में रूकेगी। नई वंदे भारत एक्सप्रेस अजमेर और दिल्ली कैंट की बीच की दूरी पांच घंटे 15 मिनट में तय करेगी, जबकि इसी मार्ग पर अबतक की सबसे तेज गति की शताब्दी एक्सप्रेस छह घंटे 15 मिनट का समय लेती है।