निर्वाचन आयोग आज पुणे में मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण और अद्यतन कार्य शुरू करेगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय की उपस्थिति में इस राष्ट्रव्यापी अद्यतन कार्य का शुभारंभ होगा।
पिछले आम चुनाव में पुणे लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में काफी कम मात्रा में मतदान हुआ था। इसलिए चुनावी प्रक्रिया में शहरी मतदाता और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से पुणे में आज विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। दोनों चुनाव आयुक्त पुणे के मतदाताओं में जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ उनसे बातचीत भी करेंगे। इसके तहत आज सुबह बालेवाड़ी से साइकिल फेरी का संचालन किया जा रहा है। उसके बाद सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में नया मतदाता पंजीकरण होगा।