दिल्ली पुलिस ने इस महीने की 9 और 10 तारीख को होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन के लिए सुरक्षा व्यवस्था कडी कर दी है। नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में विशेष पुलिस आयुक्त मधुप कुमार तिवारी ने बताया कि व्यवस्था में हवाई अड्डे की सुरक्षा, कारकेड प्रबंधन, कार्यक्रम स्थल और विदेशी प्रतिनिधियों के ठहरने का स्थान सहित विभिन्न आयाम शामिल हैं। मधुप कुमार तिवारी ने कहा कि इस बात का भी ध्यान रखा गया है कि आम जनता को कम से कम असुविधा हो।
दिल्ली पुलिस आज जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल करेगी, जिसके कारण कई यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। रिहर्सल का समय सुबह 8 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजे तक, शाम 4 बजकर 30 मिनट से शाम 6 बजे तक और शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक होगा।
कारकेड रिहर्सल को आज सुविधाजनक बनाने के लिए सरदार पटेल, मार्ग कौटिल्य मार्ग, पंचशील मार्ग, मानसिंह रोड गोल चक्कर, सी हेक्सागन, मथुरा रोड] भैरव मार्ग रिंग रोड, राउंड अबाउट विंडसरप्लेस जनपथ, कर्तव्य पथ, शांति पथ राउंड अबाउट टॉलस्टॉय मार्ग और विवेकानंद मार्ग सहित विभिन्न बिंदुओं पर यातायात की आवाजाही बाधित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने निर्देश जारी किया है। कि यात्रियों को इन सड़कों पर सामान्य से अधिक यातायात का अनुभव हो सकता है इसलिए उन्हें सलाह दी जाती है कि वह अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और निर्दिष्ट समय के दौरान इन रास्तों से बचें यात्रियों को मेट्रो सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।
