वस्तु और सेवा कर-जीएसटी का राजस्व संग्रह दिसम्बर 2021 में एक लाख 29 हजार करोड़ रुपये से अधिक हुआ, जिसमें से केंद्रीय जीएसटी 22 हजार 578 करोड़ रुपये, राज्य जीएसटी 28 हजार 658 करोड़ रुपये, एकीकृत जीएसटी 69 हजार 155 करोड़ रुपये और उपकर नौ हजार 389 करोड़ रुपये है। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि दिसम्बर महीने में केंद्र और राज्यों के कुल राजस्व के समायोजन के बाद केंद्रीय जीएसटी 48 हजार एक सौ 46 करोड़ रुपये और राज्य जीएसटी 49 हजार 760 करोड़ रुपये बनता है।
दिसम्बर 2021 का राजस्व पिछले वर्ष की इसी अवधि के जीएसटी राजस्व से 13 प्रतिशत अधिक है। इस माह के दौरान 2020 के इसी माह के मुकाबले वस्तुओं के आयात से प्राप्त राजस्व 36 प्रतिशत और स्वदेशी कारोबार से प्राप्त राजस्व पांच प्रतिशत अधिक रहा।