चक्रवात सित्रांग बांग्‍लादेश पहुंचा और कमजोर पड़कर कम दवाब के क्षेत्र में बदला

चक्रवाती तूफान सित्रांग कल आधी रात भोला के नजदीक बरिसाल-चट्टोग्राम तट को पार करता हुआ बांग्‍लादेश पहुंचा। यह चक्रवात तेजी से कमजोर होता हुआ कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। सित्रांग के प्रभाव से तटीय इलाकों में तेज और पूरे बांग्‍लादेश में सामान्‍य से तेज बारिश हो रही है।

बांग्लादेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद चक्रवात सित्रांग ने बीती रात करीब 9 बजे लैंडफॉल बनाना शुरू कर दिया। रात के करीब 12 बजे इसके केंद्र का लैंडफॉल बना। चक्रवात के कारण होने वाली मौतों की संख्या के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय मीडिया के अनुसार चक्रवात से संबंधित विभिन्न घटनाओं में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले देश के 15 तटीय जिलों से मवेशियों सहित 2 लाख से अधिक लोगों को निकाला गया था। सरकार ने चक्रवात के प्रभाव से निपटने के लिए तटवर्ती जिलों में करीब 7000 चक्रवात आश्रयों की स्थापना की थी। कॉक्स बाजार, चट्टोग्राम और बरिसाल के हवाई अड्डे आज दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगे। लगातार बारिश और चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए देश भर में फेरी सेवाओं को निलंबित कर दिया गया था। खुलना, बरिसाल और चटगांव संभाग के सभी शिक्षण संस्थान आज के लिए बंद कर दिए गए हैं। स्थिति पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन को निर्देश देने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा चौबीस घंटे निगरानी भी शुरू की गई थी।

Related posts

Leave a Comment