प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि नया भारत केवल एक देश ही नहीं है बल्कि यह बलिदान, प्रेम, संवेदना, प्रतिभा, साहस, पराक्रम और शांति का मिश्रण है। कल करगिल में सुरक्षाबलों के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हमेशा शांति में विश्वास रखता है और युद्ध को अंतिम विकल्प के तौर पर देखता है।
उन्होंने सेना की अतुल्य वीरता की सराहना की और कहा कि राष्ट्र को तब गर्व होता है जब उसके सैनिकों का मस्तक हिमालय की तरह ऊंचा होता है।
जिस देश के सैनिकों का शौर्य इतना अनंत हो उस राष्ट्र का अस्तित्व अमर और अटल ही होता है। आप सभी सीमा के प्रहरी देश की रक्षा के मजबूत स्तंभ हैं। आप हैं तभी देश के भीतर देशवासी चैन से रहते हैं, निश्चिंत रहते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज विश्व भारत की बढ़ती शक्ति और ताकत की ओर देख रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्र उपनिवेशवाद की जंजीरों को तोड़ रहा है और राजपथ का नाम कर्तव्य पथ करना इस संकल्प का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ब्रह्मोस सुपर सोनिक मिसाइल से लेकर, तेज़स लड़ाकू जेट विमान तक भारत की नई शक्ति के कुछ उदाहरण हैं।
आज ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल से लेकर प्रचंड लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर और तेजस फाइटर जेट तक ये रक्षा-साजोसामान भारत की शक्ति का पर्याय बन रहे हैं। आज भारत के पास विशाल समंदर में विपलवी विक्रांत है। युद्ध गहराईयों में अरिहंत है। भारत के पास पृथ्वी है आकाश है, अगर विनाश का तांडव है तो शिव का त्रिशूल है, पिनाक है। कितना भी बड़ा कुरूक्षेत्र होगा लक्ष्य भारत का अर्जुन भेदेगा। भारत अपनी सेना की जरूरत तो पूरी कर ही रहा है बल्कि रक्षा उपकरणों का एक बड़ा निर्यातक भी बन रहा है।
प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लेने के लिए सशस्त्र बलों का अभिनन्दन किया। उन्होंने कहा कि नए भारत के विकास के लिए महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन के रूप में शामिल करना महत्वपूर्ण है और यह देश के सशस्त्र बलों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
देश की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण पहलू है आत्मनिर्भर भारत। भारतीय सेनाओं के पास आधुनिक स्वदेशी हथियार, विदेशी हथियारों पर विदेशी सिस्टम पर हमारी निर्भरता कम से कम हो इसके लिए तीनों सेनाओं ने आत्मनिर्भरता का संकल्प लिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सीमा क्षेत्र में असीम सम्पर्क स्थापित करने के लिए उच्च प्रौद्योगिकी युक्त सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्ष में सरकार ने सशस्त्र बलों में सुधार लागू करने पर काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत, सबका साथ, सबका विकास के साथ प्रत्येक सामाजिक बुराई के खिलाफ संघर्ष कर रहा है।
आज देश भ्रष्टाचार के खिलाफ भी निर्णायक युद्ध लड़ रहा है। भ्रष्टाचारी चाहे कितना ही ताकतवर क्यों न हो अब वो बच नहीं सकता। कुशासन ने लंबे समय तक देश के सामर्थ्य को सीमित रखा। हमारे विकास के रास्ते में रोड़े अटकाए। आज सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र से साथ हम उन सभी पुरानी कमियों को तेजी से दूर कर रहे हैं।