गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि असम को विकास के मार्ग पर आगे बढाने और महत्वपूर्ण निजी निवेश को आकर्षित करने के लिए राज्य को बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करना महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य को ऐसी दीर्घकालिक योजना बनानी चाहिए जो आने वाले दशकों में बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करें और केवल अल्पकालिक उपायों पर निर्भर न रहे। कल गुवाहाटी में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ राज्य में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा बैठक में अमित शाह ने कहा कि असम सरकार को राज्य में नम-भूमि की रक्षा और कायाकल्प करने और उसकी क्षमता बढ़ाने के लिए एक ठोस कार्य योजना के साथ आना चाहिए ताकि वे बाढ़ के दौरान जल ग्रहण क्षेत्रों के रूप में भी कार्य कर सकें। अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के साथ कोर कमेटी की बैठक में शामिल हुए। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दोनों नेता आज गुवाहाटी में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के असम दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। पार्टी ने कुछ वर्षों से राज्य में हुए सभी चुनावों में जीत हासिल की है। आज दोनों वरिष्ठ नेता गुवाहाटी के बशिष्ठ चारियाली में पार्टी के नए राज्य कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। अत्याधुनिक छह मंजिला वाले अटल बिहारी वाजपेयी भवन में सम्मेलन और बैठक हॉल सहित सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। दोनों नेता प्रदेशभर में लगभग सौ स्थानीय पार्टी कार्यालयों का भी उद्घाटन करेंगे। इनके बाद अमित शाह और जे.पी. नड्डा गुवाहाटी के खानापारा में 45 हजार से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं को एक रैली में संबोधित करेंगे। इसके बाद गृहमंत्री नशीले पदार्थों की तस्करी पर पूर्वोत्तर के सभी मुख्यमंत्रियों और डी.जी.पी. के साथ मुलाकात करेंगे और साथ ही पूर्वोत्तर अंतरिक्ष अनुप्रयोग केन्द्र के कार्यों की भी समीक्षा करेंगे।
