देश के 95 प्रतिशत जिला अस्पतालों और लगभग 90 प्रतिशत उप-मंडल अस्पतालों का सफलतापूर्वक विद्युतीकरण हुआ

स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार ने कहा है कि भारत ने तीन चरणों में बिजली आपूर्ति के साथ 95 प्रतिशत जिला अस्पतालों और लगभग 90 प्रतिशत उप-मंडल अस्पतालों का सफलतापूर्वक विद्युतीकरण किया है। उन्होंने कहा कि 3 दशमलव 5 मेगावाट की सौर क्षमता के साथ देश में लगभग 75 प्रतिशत स्वास्थ्य केंद्रों का विद्युतीकरण किया गया है।

स्वास्थ्य और ऊर्जा पर उच्च स्तरीय गठबंधन की दूसरी बैठक को वर्चुअल माध्‍यम से संबोधित करते हुए डॉ. पवार ने 2030 तक 450 गीगा वाट अक्षय ऊर्जा उत्‍पादन का लक्ष्‍य हासिल करने के भारत सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला। डॉक्टर पवार ने कहा कि भारत 33 प्रतिशत की राष्ट्रीय प्रतिबद्धता से अधिक योगदान कर चुका है। डॉ पवार ने कहा कि देश पहले ही गैर-जीवाश्म आधारित स्रोतों से स्थापित क्षमता का 39 प्रतिशत हासिल कर चुका है और 2022 तक यह 40 प्रतिशत के लक्ष्य तक पहुंच जाएगा।

उन्होंने बताया कि भारत ने लगभग सौ प्रतिशत घरों के विद्युतीकरण में सुधार करके 2030 तक सबको सस्ती, विश्वसनीय और आधुनिक ऊर्जा सेवाएं प्रदान करने संबंधी सतत विकास लक्ष्य का सात दशमलव एक प्रतिशत हासिल कर लिया है।

Related posts

Leave a Comment