प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 अक्तूबर को मध्य प्रदेश के उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर की विस्तार परियोजना के पहले चरण का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री उज्जैन में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। 12 ज्योर्तिलिंगों में से एक महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग उज्जैन में है।
काशी विश्वनाथ की तर्ज पर महाकाल मंदिर परिसर के विस्तार की योजना 2017 में बनाई गई थी। करीब 800 करोड़ रुपये की महाकाल मन्दिर विस्तार योजना के कार्य दो चरणों में किये जा रहे हैं। पहले चरण में करीब 351 करोड़ रूपये के कार्य हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 अक्टूबर को प्रथम चरण के इन कार्यों का लोकार्पण करेंगे। दूसरे चरण के कार्य 2023-24 में पूरे होंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से इस पल का साक्षी बनने का अनुरोध किया है।
हम सबके लिए प्रसन्नता की बात है। शाम को छह बजे लोकार्पण का कार्यक्रम सम्पन्न होगा। यह भारत के सांस्कृतिक पुनरुत्थान का युग है। पहले केदारनाथ फिर काशी विश्वनाथ अब महाकाल बाबा प्रधानमंत्री जी के हाथों से लोकार्पण होगा। मेरी आपसे अपील है कि इस पल के साक्षी बनें।
महाकाल मंदिर परिसर में बने कॉरिडोर का नाम श्री महाकाल लोक रखा गया है। पहले चरण में महाकाल प्लाजा, महाकाल कॉरिडोर और महाकाल थीम पार्क बनाये गए हैं। महाकाल कॉरिडोर में पैदल चलने के लिए 200 मीटर लम्बा मार्ग बनाया गया है। इसमें 25 फीट ऊंची और 500 मीटर लम्बी म्यूरल वॉल और शिव की विभिन्न मुद्राओं सहित 108 शिव स्तंभ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं।
