गृहमंत्री अमित शाह जम्‍मू-कश्‍मीर के तीन दिन के दौरे पर आज सुबह श्रीनगर पहुंचे

गृहमंत्री अमित शाह जम्‍मू-कश्‍मीर के तीन दिन के दौरे पर आज सुबह श्रीनगर पहुंचे। अमित शाह हवाई अडडे से सीधा शहीद परवेज अहमद के घर जाकर उनके परिवार जनों से मिले। सी आई डी अधिकारी अहमद की चार महीने पहले गोली मारकर हत्‍या कर दी थी। आतंकवादियों द्वारा मारे गये अन्‍य नागरिकों के परिवारजनों से भी उनके मिलने की आशा है।

गृहमंत्री एकीकृत सुरक्षा बैठक भी करेंगे। इस महीने आतंकवादियों द्वारा नागरिकों की नृशंस हत्‍या को देखते हुए यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

श्रीनगर अंतर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे पर उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा, प्रधानमंत्री कार्यालय में कार्यरत राज्‍यमंत्री डॉ. जितेन्‍द्र सिंह के अलावा केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन के अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारियों ने गृहमंत्री अमित शाह का स्‍वागत किया। दिन के दौरान आज श्रीनगर में एकीकृत कमान की एक बैठक में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के अलावा उनका आज शाम श्रीनगर से शारजाह के लिए सीधी उड़ान को हरी झंडी दिखाने का भी कार्यक्रम है। कल गृहमंत्री का जम्‍मू के भगवती नगर में एक जनसभा को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। जहां वह पंचायत सदस्‍यों, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगे और जम्‍मू संभाग में विभिन्‍न परियोजनाओं की विकासात्‍मक समीक्षा भी करेंगे।

Related posts

Leave a Comment