गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में कल स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। अंतिम चरण में उत्तर और मध्य गुजरात के 14 जिलों की कुल 93 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह आठ बजे शुरु होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। हमारी संवाददाता ने बताया है कि दो करोड़ 51 लाख मतदाता आठ सौ 33 उम्मीदवारों का चुनावी भाग्य तय करेंगे।
विशाल जनसभाए और कई शानदार रोड शो के साथ ही गुजरात विधानसभा के दूसरे चरण का प्रचार कल समाप्त हुआ। प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कई केंद्रीय मंत्रियों ने पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। तो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी अपने-अपने पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में तेज़ प्रचार किया। इस चरण में कई हाई प्रोफाइल उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला किया जाएगा, जिनमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उनके सात मंत्री, विपक्ष के नेता सुखराम राठवा सहित आम आदमी पार्टी के कई नेता शामिल हैं।