कानपुर में तीर्थयात्रियों को ले जा रहे एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से 26 लोगों की मृ्त्यु हो गई। यह दुर्घटना कल शाम घाटमपुर जिले के साध क्षेत्र में हुई। कानपुर नगर के जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि श्रद्धालु उन्नाव के चंद्रिकादेवी मंदिर से दर्शन करके एक ट्रैक्टर ट्रॉली में वापस लौट रहे थे। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि घायलों में कुछ की हालत गंभीर है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिवार के साथ हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के निकट परिजनों को प्रधानमंत्री सहायता कोष से दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में मारे गए व्यक्तियों के परिवारों को दो-दो लाख रुपए की सहायता राशि की घोषणा की है।
