आज राष्ट्रीय विज्ञान दिवस है। यह दिन हर साल 28 फरवरी को रामन प्रभाव की खोज के स्मरण में मनाया जाता है। इस दिन भारतीय भौतिक विज्ञानी सर सी.वी. रामन ने रामन प्रभाव की खोज की घोषणा की थी। इस खोज के लिए उन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल मन की बात कार्यक्रम में विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में सभी अभिभावकों को बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए छोटे-छोटे प्रयास शुरू करने का आह्वान किया।
मेरे प्यारे देशवासियों, 28 फरवरी को ‘नेशनल साइंस डे’ है। ये दिन रमन इफेक्ट की खोज के लिए भी जाना जाता है। मैं सी.वी. रमन जी के साथ उन सभी वैज्ञानिकों को आदरपूर्वक श्रद्दांजलि देता हूँ, जिन्होंने हमारी साइन्टिफिक जर्नी को समृद्ध बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हमारे जीवन में सुगमता और सरलता में टेक्नालजी ने काफी जगह बना ली है। कौन-सी टेक्नालजी अच्छी है, किस टेक्नालजी का बेहतर इस्तेमाल क्या है, इन सभी विषयों से हम भली-भांति परिचित होते ही हैं।