सभी अखबारों ने कल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के त्यागपत्र की खबर सुर्खियों में दी है। देर रात राज्यपाल को त्यागपत्र सौंपने पर राष्ट्रीय सहारा लिखता है – नए मुख्यमंत्री का कार्यकाल सात से आठ महीने का होगा। नवभारत टाइम्स का अनुमान है – विधायकों में से आएगा नया नाम। आज तीन बजे विधायक दल की बैठक होने को हिन्दुस्तान ने महत्व दिया है।
कोरोना मरीजों की ठीक होने की दर 97 प्रतिशत के पार पहुंची – लिखता है जनसत्ता। पत्र ने सरकार के टीकाकरण और दिशानिर्देशों पर जोर देते हुए लिखा है कि महामारी की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं, लापरवाही न बरतें।
पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के ऊपर ड्रोन दिखाई देने पर लगभग सभी अखबारों ने भारत के विरोध दर्ज कराने की खबर दी है। अमर उजाला ने लिखा है – भारत ने कहा- पाकिस्तान सुनिश्चित करें, भविष्य में ऐसी भूल न हो। दैनिक ट्रिब्यून ने खबर को शीर्षक दिया है – पाकिस्तान के नापाक मंसूबे।
वीर अर्जुन की पहली खबर है – सरकार ने ड्रोन के इस्तेमाल के नए नियम बनाने की कवायद शुरू की। अब ड्रोन का इस्तेमाल नहीं होगा आसान।
पुलवामा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पांच आतंकवादी मार गिराने की खबर हरिभूमि और जनसत्ता ने मुख पृष्ठ में दी है।
राष्ट्रीय सहारा ने सीडीएस जनरल बिपिन रावत के इस बयान को प्रमुखता दी है कि भारत को चीन के किसी भी दुस्साहस के लिए तैयार रहना चाहिए। हरिभूमि लिखता है – बोले चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ जनरल रावत – भारत ने आक्रामकता का जवाब पहले भी दिया है आगे भी देगा। लोकसत्य ने इसे बिपिन रावत की दो टूक लिखा है।
कलकत्ता हाई कोर्ट के पुलिस को दिए गए निर्देश को समाचार पत्रों ने मुख पृष्ठ पर स्थान दिया है कि बंगाल चुनाव हिंसा की शिकायतों पर दर्ज करें केस। अखबार लिखता है – हाईकोर्ट सख्त। दैनिक जागरण ने भी सख्त रुख शीर्षक से लिखा है – अदालत ने कई गंभीर टिप्पणियां कीं, राज्य सरकार से कहा- सभी पीडि़तों के लिए चिकित्सा और राशन सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्तान ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनोमिक्स के कुछ राज्यों के युवाओं पर किए गए सर्वेक्षण पर लिखा है – गांवों की तरह रोजगार की गारंटी चाहते है भारतीय शहरी युवा।