आज के अखबारों की सुर्खियां 14 जून 2021

कोविड और जी-7 से जुड़ी खबरों को अखबारों ने प्राथमिकता दी है। जनसत्‍ता की सुर्खी है- 74 दिन बाद कोविड के सबसे कम, 71 हजार 214 नये मरीज। आज से और खुलेगी दिल्‍ली। चिंता शीर्षक से हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- 10 प्रतिशत मरीजों को लंबे समय तक सता रहा है कोरोना। प्रतिरक्षा तंत्र बिखर जाने से बढ़ रहा है लॉन्‍ग कोविड का खतरा। लॉन्‍ग कोविड की चपेट में मध्‍य आयु वर्ग के मरीज सबसे ज्‍यादा। राष्‍ट्रीय दैनिक लोकसत्‍य का कहना है- प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जी-7 शिखर सम्‍मेलन में महामारी से बचने के लिए सामूहिक और एकजुट कार्रवाई को बताया जरूरी।

जी-7 शिखर सम्‍मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के वर्चुअल संबोधन पर अमर उजाला का कहना है- टीके को पेटेंट मुक्‍त करने के पीएम मोदी के प्रस्‍ताव को जी-7 का व्‍यापक समर्थन। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की भागीदारी को जी-7 के देशों ने बेहद अहम माना। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसेन ने कहा मोदी की उपस्थिति से 11 देशों की डेमोक्रेटिक इलेवन पूरी हुई। जी-7 के मुक्‍त समाज और मुक्‍त अर्थव्‍यवस्‍थाएं सत्र में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के संबोधन को राष्‍ट्रीय सहारा शीर्षक दिया है- भारत जी-7 का स्‍वाभाविक सहयोगी। दैनिक जागरण की टिप्‍पणी है- चीन के खिलाफ खड़ा हुआ जी-7, कोरोना वॉयरस के स्रोत का पता लगाने को जांच का दबाव बढ़ाया।

अरबपतियों में होड़ शीर्षक से राजस्‍थान पत्रिका की बड़ी खबर है- अंतरिक्ष में 11 मिनट की सैर का टिकट 200 करोड़ रूपये में बिका। स्‍पेस-एक्‍स के मालिक एलन मस्‍क और एमेजॉन के मालिक जेफ बेजोस के बाद वर्जिन गेलेक्टिड के मालिक रिचर्ड ब्रेनसन भी जुलाई में लांच करेंगे मानव मिशन।

Related posts

Leave a Comment