अयोध्या में भगवान श्रीराम के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए समूची अयोध्या भक्ति भावना से परिपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कल अयोध्या पहुंचने से पहले तैयारियां अपने अंतिम चरण में है।
दीनों पर दया करने वाले प्रभु राम के अनुग्रह की आकांक्षा में देश और दुनिया के हजारों की तादाद में रामभक्त प्रभु राम की नगरी में मौजूद है। मंदिरों में कीर्तन भजन रामायण और रामचरितमानस का पाठ लगातार हो रहा है, अयोध्या की सीमाएं सील हैं। आसमान में ड्रोन से पहरा है अयोध्या की गलियों चौराहों पर हजारों की तादाद में सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं और सरयू में जल पुलिस तैनात है। आज प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पूर्व हो रहे अनुष्ठानों का अंतिम दिन है और आज रामलला को विभिन्न पवित्र नदियों और जलाशयों के जल से स्नान कराया जाएगा।
