राष्ट्रपति चुनाव की मतगणना बृहस्पतिवार को संसद भवन परिसर में सुबह 11 बजे शुरू होगी। कल संसद भवन, राज्य विधानसभाओं और अन्य निर्धारित स्थानों पर वोट डाले गए। 99 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। निर्वाचक मंडल की सूची में 4 हजार 796 मतदाताओं में से 99 प्रतिशत से अधिक सांसदों और विधायकों ने मतदान किया।
संसद भवन परिसर में संवाददाताओं को सम्बोधित करते हुए मुख्य चुनाव अधिकारी और राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी ने कहा कि देशभर से मतपेटियां संसद भवन परिसर में लाई जा रही हैं।
महासचिव ने बताया कि मतपेटियां हवाई अड्डे से संसद भवन लाने के लिए सुरक्षा के सभी प्रबंध किए गए हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो जाएगा। झारखण्ड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू एन.डी.ए. की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हैं, जबकि पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा विपक्षी उम्मीदवार हैं।