मणिपुर में सीमावर्ती कस्बे मोरेह में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई गोलीबारी मे पांच जवान घायल हो गए। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार आज तडके से ही मोरेह में विभिन्न जगहों पर गोलीबारी की घटनाएं हुई। इसमें मणिपुर पुलिस के सुरक्षाकर्मी और सीमा सुरक्षाबल का एक जवान घायल हो गया। उन्हें विमान से इम्फाल के अस्पतालों में ले जाया गया।
सीमावर्ती मोरेह कस्बा भारत म्यामां अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास स्थित है और इसमें कुकी समुदाय के लोगों की संख्या अधिक है। मणिपुर में पिछले वर्ष मई में शुरू हुई सामुदायिक हिंसा में यह कस्बा काफी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
इस बीच मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ अस्पतालों का दौरा किया और सुरक्षाकर्मियों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मीडिया को बताया कि यह साबित हो गया है कि उग्रवादियों ने अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य के सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों का मिलकर मुकाबला किया।