बिहार के बेगूसराय जिले में हिंसात्‍मक कार्रवाई के बाद ड्यूटी में चूक के कारण सात पुलिसकर्मियों को निलंबित

बिहार के बेगूसराय जिले में हिंसात्‍मक कार्रवाई के बाद ड्यूटी में चूक के कारण सात पुलिसकर्मियों को निलंबित

बिहार के बेगूसराय जिले में दो बंदूकधारियों द्वारा की गई हिंसात्‍मक कार्रवाई के बाद ड्यूटी में चूक के कारण सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। जिले में कल कई स्थानों पर बाइक पर सवार चार अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद हमलावर छह थाना क्षत्रों को पार कर फरार हो गए। आकाशवाणी से बातचीत में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस गश्ती दल की लापरवाही के कारण अपराधियों को पकड़ा नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि चारों अपराधी दो मोटरबाइक पर सवार थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस महानिदेशक एस के सिंघल को हर हाल में अपराधियों को पकड़ने का निर्देश दिया है। इस बीच, बेगूसराय, पटना, समस्तीपुर और मुंगेर सहित सात जिलों में अलर्ट जारी किया गया है और अपराधियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

भाजपा ने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना की है ।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बेगूसराय के सांसद ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। गिरिराज सिंह ने अस्पतालों में इलाज करा रहे घायलों से भी मुलाकात की। घटना की निंदा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अपराधियों ने कई लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं और 30 किलोमीटर का सफर तय किया लेकिन वे पुलिस द्वारा पकड़े नहीं जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गोलीबारी की घटना पर बयान देना चाहिए।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार बनने के बाद बिहार में अराजकता फैली है।

नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी ने कई बार कहा कि अगर राष्ट्रीय जनता दल सत्ता में आता है तो राज्य में भय का वातावरण वापस आएगा।

Related posts

Leave a Comment