यूक्रेन के जापोरिषजिया परमाणु संयंत्र के संकट को दूर करने के लिए आज सुरक्षा परिषद की आपात बैठक

यूक्रेन के जापोरिषजिया परमाणु संयंत्र के संकट को दूर करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आज आपात बैठक होगी। यूक्रेन और रूस ने विद्युत संयंत्र पर बमबारी करने के लिए एक-दूसरे पर आरोप लगाया है। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के राजनयिक सूत्रों ने बताया है कि रूस के अनुरोध पर 15 सदस्य देशों की सुरक्षा परिषद की बैठक आयोजित हो रही है।

इस बीच, पूर्वी यूक्रेन के शहर पिस्की के आसपास भारी गोलाबारी हुई है। रूस ने डोनबास प्रांत के सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर कब्जा करने का अभियान शुरू किया है। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार रूस समर्थित डोनेत्स्क प्रांत के एक अधिकारी ने बताया है कि इसकी राजधानी का पश्चिमोत्तर हिस्सा रूस और अलगाववादी बलों के नियंत्रण में आ गया है, लेकिन यूक्रेन के अधिकारियों ने इससे इन्कार किया है।

फरवरी में यूक्रेन के साथ युद्ध शुरू होने पर रूस द्वारा राजधानी कीव पर असफल कब्जे के बाद लुहांस्क और डोनेत्स्क प्रांत का डोनबास क्षेत्र रूस के प्रमुख निशाने पर है। लुहांस्क लगभग पूरी तरह रूस के नियंत्रण में आ गया है, लेकिन डोनेत्स्क पर रूस का अब भी पूरा कब्जा नहीं हो पाया है।

Related posts

Leave a Comment